indian national congress लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
indian national congress लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 15 मई 2012

मृत्युञ्जयी सरदार पटेल



"आज सरदार पटेल का जन्म-दिवस है---अविस्मरणीय राष्ट्र-निर्माता का प्रेरक स्मरण दिवस ! सरदार मृत्युंजय साबित हुए हैं | जीवन में वह जितने याद नहीं आए, उससे कई गुना अधिक वह आज याद आ रहे हैं| राष्ट्रविपत्ति में लोगों की आँखों में अनायास ही सरदार की वज्रमुर्ती चित्रित हो जाती है | द्रोह और शैथिल्य की स्थितियों में वज्रबाहु सरदार आँखों की श्रद्धा में झूलने लगते हैं | संकट-काल में जिसकी याद आए , जिसकी अनुपस्थिति मन में मायूसी उत्पन्न करे, उसे मृत्युंजय न कहें तो क्या कहें ?

                    सरदार पटेल ने भारत की भाग्यालिपि अपनी लौह-कर्मठता में लिखी है | वह लिपि देश का अखण्ड-अनश्वर भूगोल बन कर उनके नेत्रित्वकौशल  का जयजयकार करती है | गांधीजी ने राष्ट्र-जागरण का जो शंख फूंका था, सरदार ने उस घोष को अपने जीवन में प्रवृति-रूप देकर राष्ट्र की विविध -मुखी शक्तियों को एक प्रबल प्रवाह में संगठित किया था | इस प्रवाह में इतिहास का सबसे बड़ा साम्राज्य ही नहीं बह गया , देश की अकर्मण्यता और हीनताएं भी बह गई | शक्तिस्त्रोत से निकले शक्ति-प्रवाह राष्ट्र की रंगों में प्रवाहित हो कर निर्जीव-मूल्यों को फिर से लहलहाने लगे | मुक्ति के विचार-आकाश  के साथ  सरदार ने अपनी मातृभूमि को ऐसे नर-रत्न भी गढ़ कर दिए, जिन्होंने अपने प्रशासन-कौशल  से संसार को चकित कर दिया | सरदार स्वाभाव से सेनापति तो थे ही, वे अपने उसी स्वाभाव में सेनापति निर्माता भी थे | महादेव भाई उन्हें मजाक में अक्सर "नेताओं की फसल बोने वाला किसान" कहा करते थे |

                    जीवन काल में कमायी महत्ता और कीर्ति, वास्तव में परम काम्य है, किन्तु अक्षय अमर महत्ता तो वही है जो मृत्यु के बाद भी फलती फूलती रहे | पुरुषार्थियों को ही ऐसी महत्ता और कीर्ति नसीब होती है ----ऐसे पुरुषार्थियों को, जिन्होंने काल के वज्रदान्तों को अपने प्रचंड पराक्रम से तोड़ा है | सरदार पटेल इसी कोटि के पुरुष-पुंगव थे-----उनकी सिर से पैर तक की सारी देह यष्टि शौर्य के स्वर्ण से बनी थी | अग्नि परीक्षाओं में यह स्वर्ण और भी निकलता गया | कीर्ति के लिये मृत्यु सब से भयानक एवं कठोर अग्नि परीक्षा होती है | सरदार इस परीक्षा में भी खड़े उतरे हैं; मृत्यु के बाद वह अपने 'स्वर्ण ' में और भी तेजस्वी होते जा रहे हैं | आज देश उन्ही अद्वितीय 'सरदार' को श्रद्धा-भक्ति के साथ शीश नवाता है |"


साभार-----दैनिक "हिन्दुस्तान"
अक्टूबर
दिनांक-----31 अक्टूबर 1963